बढ़ती महंगाई व कानून व्यवस्था पर आप ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

- राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा



 कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता। 


फतेहपुर। देश में दिनों दिन बढ़ रही महंगाई व बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। तत्पश्चात राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपकर महंगाई पर अंकुश लगाये जाने के साथ ही कानून व्यवस्था में सुधार किये जाने की आवाज उठायी गयी।


आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक श्रीराम पटेल की अगुवई में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और देश में बढ़ रही महंगाई, बिगड़ती कानून व्यवस्था व बदहाल अर्थव्यवस्था को लेकर प्रदर्शन किया। तत्पश्चात राष्ट्रपति को भेजे गये ज्ञापन में कहा गया कि पेट्रोलियम पदार्थों में मनमानी वृद्धि की जा रही है। गैस के दाम अत्यधिक बढ़ा दिये गये हैं। जिससे आमजन की पहुंच से घरेलू गैस बाहर हो गयी है। जबकि सरकार को आवश्यक वस्तु होने के कारण मूल्य का नियंत्रण करना चाहिए। ताकि व्यक्ति की भोजन जैसी जरूरत को आसानी से पूरा किया जा सके। कहा कि भारत सरकार जनसमस्याओं के प्रति उदासीन एवं उपेक्षापूर्ण रवैया अपना रही है। अपनी जिम्मेदारी का सही निर्वाह नहीं कर रही है। केन्द्र सरकार जनता के प्रति जवाब देह न होकर लाभकारी व्यवसाय के पक्ष में कार्य कर रही है। कहा कि व्यवसाय करना सरकार का कार्य नहीं होता है। भारत से पड़ोस के कई देशों बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान, नेपाल, मालद्वीप अन्य कई देशों के पेट्रोलियम उत्पाद भारत में बिकने वाले मूल्य के आधे दाम पर निर्यात किये जाते हैं। भारत के आम जनता को मनमानी मूल्य चुकाना पड़ता है। मांग की गयी कि केन्द्र सरकार द्वारा घरेलू गैस के जो मूल्य वृद्धि की गयी है उसे तत्काल वापस लिया जाये, जनपद में घरेलू गैस की जो एजेन्सियां हैं उनमें कुछ एजेन्सियों में तो घरेलू गैस की चोरी की जाती है। गैस आपूर्ति के समय में न सिलेण्डर चेक कराया जाता है और न ही उपभोक्ता को तौल कर आपूर्ति की जाती है। इस पर भी तत्काल अंकुश लगाया जाये। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों में की गयी मूल्य वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस न लिया गया तो पार्टी ,ारा जागरूकता अभियान चलाकर पेट्रोलियम मूल्य के संबंध में आन्दोलन किया जायेगा। जिसकी जिम्मेदारी केन्द्र सरकार की होगी। इस मौके पर वसीम अहमद, श्रीकांत भोजवाल, अनूप कुमार सचान, कैलाश, अवध सचान, महेश, अरविन्द कुमार, गोलू गोपाल चंदेल, सरोज सिंह, सुनील कुमार उर्फ भगत सिंह, सुरेश मौर्य, रंजीत कुमार मौर्य एडवोकेट, राम किशोर विश्वकर्मा, सुशील कुमार, रतीलाल एडवोकेट आदि मौजूद रहे।