सपा ने कुसुम्भी गांव में हुए बलात्कार व हत्या की निन्दा कर मांगा न्याय

- पीड़ित परिवार को पच्चीस लाख रूपये का दिया जाये मुआवजा


- बुलन्दशहर में साधुओं की निर्मम हत्या अत्यंत निन्दनीय



फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के कुसुम्भी गांव में एक किशोरी के साथ हुए बलात्कार व हत्या के मामले में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने घटना की निन्दा करते हुए प्रदेश के राज्यपाल को एक ज्ञापन भेजकर न्याय मांगा है। सपाईयों ने सीएम योगी आदित्यनाथ से पीड़ित परिवार को पच्चीस लाख रूपये का मुआवजा व निष्पक्ष जांच किये जाने की भी मांग की है। इसके अलावा बुलन्दशहर में साधुओं की निर्मम हत्या पर भी शोक प्रकट किया।


समाजवादी पार्टी ने बुधवार को असोथर थाना क्षेत्र के कुसुम्भी गांव में किशोरी के साथ हुए बलात्कार व हत्या के मामले को लेकर राज्यपाल को एक ज्ञापन भेजा। जिसमें सपा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह यादव का कहना रहा कि कुसुम्भी गांव में किशोरी के साथ हुयी दर्दनाक घटना अत्यंत निन्दनीय है। उन्होने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पीड़ित परिवार के सदस्यों को सुरक्षा मुहैया कराए जाने के साथ ही 25 लाख रुपये मुवावजा दिए जाने की मांग की। पूर्व जिला पंचायत सदस्य ठा0 सतीश राज सिंह ने कहा कि प्रदेश के बुलंदशहर में साधुओं की निर्मम हत्या अत्यंत निंदनीय एवं दुखद है। सन्त समाज इस घटना से स्तब्ध है। सरकार से सुरक्षा की अपेक्षा कर रहा है। सरकार इस मामले में निष्पक्ष रूप से कार्रवाई करे। अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष चैधरी मंजर यार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गयी है। महिलाओं के साथ होने वाली हत्या व बलात्कार की बाढ़ आ गयी है। एक ओर जब देश कोरोना जैसी गंभीर समस्या से जूझ रहा है ऐसे में महिलाओं एवं बेटियों के साथ घटना घटित होना दुःखद है। समाजवादी पार्टी का हर सदस्य शोकाकुल परिवार के साथ है। घटना के दोषियों को कतई बख्शा न जाय और पीड़ित परिवार को प्रदेश सरकार तत्काल 25 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाये।