नगर निगम की सराहनीय पहल, गायों और कुत्तों को खिलाया जा रहा भोजन


कानपुर । कोरोना वायरस के चलते जारी लॉकडाउन में गरीबों की मदद के लिए प्रशासन से लेकर समाजसेवी आगे आ रहे हैं। वहीं नगर निगम े भी सराहनीय पहल कर रहा है। नगर निगम की दो टीमें शहर के आवारा कुत्तों और गायों को रोजाना भोजन करा रही हैं। इसके लिए नगर निगम ने 150 प्वाइंट सुनिश्चित किया हैं। रोजाना एक ही समय पर भोजन मिलने से गायें और कुत्ते एकत्र हो जाते हैं।
देश सहित कानपुर में जारी लॉकडाउन से रोजाना कमाकर खाने वालों की मुसीबतों को देखते हुए जिला प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है। इसके साथ ही समाजसेवी और उद्योगपति भी उनकी सहायता के लिए आगे आ रहे हैं। लेकिन कानपुर में आवारा कुत्तों और गायें भोजन के लिए तरस रही थी, जिसको लेकर नगर निगम ने दो टीमों का गठन किया और 150 प्वाइंट सुनिश्चित किया। इन जगहों पर रोजाना कुत्तों को भोजन दिया जा रहा है, जिससे तय समय के मुताबिक आवारा कुत्ते भोजन के लिए एकत्र होने लगते हैं। नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि कानपुर नगर निगम की दो टीमें लगातार आवारा कुत्तों को खाना खिलाने के लिए कार्य कर रही है, जिसके तहत कानपुर में 150 प्वाइंट पर रोज लगभग 350 कुत्तों को खाना खिलाया जा रहा है। इसके साथ ही कानपुर  नगर निगम गायों को भी भोजन करा रहा है। इसके अतिरिक्त शहर में जिन भी स्थानों से कोई भी शिकायत आती है तो उन गायों को नगर निगम अपनी  गौशालाओं में रखकर  उनके चारे पानी आदि की व्यवस्था भी करा रहा है। नगर निगम कानपुर के पास गायों को चारे का पर्याप्त भंडारण है और 5000 गाय कानपुर नगर निगम की गौशालाओं में है। बताया कि इन दिनों लॉकडाउन के चलते इन बेजुबानों को सही से भोजन नहीं मिल पा रहा है और इसी के तहत कानपुर नगर निगम ने इस ओर भी काम शुरु किया है।