मार्निंग वाक पर निकले वृद्ध की सड़क हादसे में मौत

फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के कस्बा बहुआ में बुधवार की सुबह मार्निंग वाक के लिए निकले लगभग 65 वर्षीय एक वृद्ध को विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।


जानकारी के अनुसार बांदा जनपद के थाना मरका गांव इगवां निवासी सूरजबली का पुत्र प्रकाश वीर सिंह दो मार्च को अपनी पुत्री रेखा देवी पत्नी शत्रुघन की ससुराल बहुआ कस्बा आया था। बताते हैं कि शादी समारोह का कार्यक्रम होने के बाद उन्हें रोक लिया गया। इसी बीच लाकडाउन हो जाने के कारण वह बहुआ में ही रूक गये। 12 मार्च को मृतक की पत्नी निर्मला देवी भी पुत्री की ससुराल आ गयी। आज सुबह वह कस्बे के ही युवक के साथ मार्निंग वाक पर निकले थे। जैसे ही वह कस्बा बहुआ रोड पर पहुंचे तभी विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिससे वृद्ध गम्भीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां इमरजेन्सी में तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।