कानपुर में एक और तब्लीगी सदस्य पाया गया कोरोना पॉजिटिव
- सात कोरोना पॉजिटिव हुए तब्लीगी सदस्य, दिल्ली से आये थे सभी सदस्य

कानपुर । दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में आयोजित हुई तब्लीगी जमात में शामिल हुए कई लोग कानपुर भी पहुंच गये हैं। जिनमें आठ विदेशी भी हैं। इन सभी की जांच लखनऊ भेजी गयी थी और शुक्रवार को आयी जांच रिपोर्ट में छह सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाये गये। इसके बाद रविवार को एक और जांच रिपोर्ट आयी जिसमें एक और तब्लीगी जमात का सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाया गया। सात जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर प्रशासन के हाथ पैर फूल गये। छह को हैलट के कोविड-19 हॉस्पिटल में शिफ्ट कर इलाज किया जा रहा है। वहीं आज आई रिपोर्ट का तब्लीगी सदस्य का इलाज रामा मेडिकल में चल रहा है।  बताते चलें कि अमेरिका से आया कानपुर का एक बुजुर्ग पहले से ही हॉस्पिटल में भर्ती है जो कोरोना पॉजिटिव है। हालांकि उसकी हालत में सुधार लगातार हो रहा है और दूसरी बार आई रिपोर्ट में निगेटिव पाया गया। कानपुर में अब तक आठ लोगों में कोरोना की पुष्टि होने से शहरवासियों में हड़कंप मच गया।


कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए देश में लागू किए गए लॉकडाउन के बीच बीते दिनों तेलंगाना से आई एक खबर से हड़कंप मच गया था। वहां छह लोगों की मौत हो गई थी। पड़ताल में पता चला था कि ये सभी दिल्ली में हुए एक बड़े धार्मिक जलसे में शामिल होने के बाद घर लौटे थे। यह जलसा था तब्लीगी जमात का जो दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में स्थित मरकज में आयोजित किया गया था। इसके बाद से पूरे देश में हड़कंप मचा हुआ है और हर जनपद का जिला प्रशासन सूची एकत्र कर रहा है कि जनपद से कितने लोग तब्लीगी जमात में शामिल हुए हैं। कानपुर जिला प्रशासन भी जनपद में ऐसे लोगों की सूची बनाकर उनकी जांच कराना शुरु कर दिया। इनमें आठ विदेशी भी हैं। प्रशासन की ओर से ऐसे 34 लोगों की जांच लखनऊ के केजीएमयू भेजी गयी थी और सभी को क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। शुक्रवार को किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) से आई रिपोर्ट में कानपुर प्रशासन के हाथ पाव ढीला कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक जमात में शामिल छह सदस्य कोरोना पॉजिटिव हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अशोक कुमार शुक्ला ने रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही क्वारंटाइन में रह रहे नारायणा संस्थान से छहों को हैलट के कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इसके बाद रविवार को एक और जांच रिपोर्ट आई जिसमें एक और सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाया गया।

रामा मेडिकल में चल रहा इलाज
मेरठ का रहने वाला 32 वर्षीय तब्लीगी जमाती मोहम्मद इमरान दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित जलसे में शामिल हुआ था। इसके बाद दीनी प्रचार प्रसार के लिए कानपुर आ गया और नौबस्ता के मछरिया मस्जिद में रह रहा था। पुलिस ने इसी मस्जिद से इसे पकड़ा था और रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव आने से उसे अब गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कालेज से संबद्ध लाला लाजपत राय अस्पताल (हैलट) के कोविड 19 हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाएगा। यहां पर पहले से ही दो विदेशी समेत छह जमाती सदस्य भर्ती हैं। जनपद में सात जमाती के कोरोना पॉजिटिव मिलने से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मची हुई है।

नारायणा में हैं 27 जमाती
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज के तब्लीगी जमात से लौटे लोगों की जानकारी जिला प्रशासन एकत्र कर रहा है। प्रशासन को जनपद के अलग-अलग जगहों से अब तक चार 34 जमाती पकड़े गये। इन सभी का सैंपल लेने के बाद पनकी थानाक्षेत्र स्थित नारायणा संस्थान में बने क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। सात की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला ने सभी हैलट के कोविड-19 हॉस्पिटल में शिफ्ट करा दिया। जानकारी के अनुसार इन जमातियों को बाबूपुरवा मस्जिद, कैंट के गोलाघाट, नौबस्ता के मछरिया मस्जिद और सजेती क्षेत्र के बरीपाल गांव की बड़ी मस्जिद से पकड़ा गया है।

ये जमाती निकले कोरोना वायरस संक्रमित
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि नौसारी गुजरात के 57 वर्षीय मोहम्मद हामिद, दिल्ली का 27 वर्षीय नसीम, 53 वर्षीय इस्लामुद्दीन व 50 वर्षीय रोफ मियां, 32 वर्षीय मोहम्मद इमरान कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। इन सभी को हैलट के कोविड 19 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

इन पर दर्ज है मुकदमा
दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके आयोजित हुई तबलीगी जमात में शामिल हुए आठ विदेशी कानपुर पहुंच गये हैं। इन सभी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक दक्षिण अर्पणा गुप्ता ने बताया कि खुफिया जानकारी पर आठ विदेशियों को पकड़ा गया है। इन सभी के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया पकड़े गये विदेशियों के नाम इस प्रकार हैं। ईरान के रहने वाले इब्राहिम फौलादी, अब्दुल रहीम मजदनी, यूनुस रेगी, अफगानिस्तान के रहने वाले महमूद शाह हसैनी, शब्बीर अब्दुल रहीम, जरीन जायजान मोहम्मद, बारातरहमदुल्लाह, यूके के रहने वाले दाऊद अयूब इस्माइल हैं।