बारिश के नहीं हैं आसार, आसमान में छाये रहेंगे बादल

- सामान्य से अधिक हुआ तापमान, हवाओं की बढ़ेगी रफ्तार

कानपुर । पश्चिमी विक्षोभ का असर अब लगभग खत्म हो गया है और बारिश के आसार भी नहीं बचे हुए हैं। हालांकि आगामी सप्ताह तक आसमान साफ नहीं रहेगा और बादल छाये रहेंगे। इसके साथ ही हवाओं की रफ्तार अभी और बढ़ेगी जिससे तापमान में बढ़ोत्तरी भी होगी। मौसम विभाग का कहना है कि तापमान अभी भी सामान्य से अधिक चल रहा है और आसमान साफ होने पर इसमें और इजाफा होगा।
बीते तीन दिनों से हवाओं की दिशाएं उत्तरी पश्चिमी हैं, पर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने से बारिश के अब आसार लगभग पूरी तरह से खत्म हो चुके हैं। हालांकि अभी भी आसमान एक सप्ताह तक साफ नहीं रहने वाला है। इस दौरान आसमान में बादल छाये रहेंगे और तापमान में कमी नहीं आयेगी, क्योंकि हवाओं की रफ्तार रोजाना बढ़ रही है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. नौशाद खान ने गुरुवार को बताया कि उत्तरी पश्चिमी हवाओं के चलने से तापमान बढ़ेगा और किसानों के लिए यह मौसम बेहतर रहेगा। बताया कि आज का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की आर्द्रता 69 फीसदी और दोपहर की आर्द्रता 20 फीसदी दर्ज की गयी है। हवाओं की दिशाएं उत्तरी पश्चिमी रहीं और इनकी रफ्तार 3.8 किलोमीटर प्रति घंटा रही। बताया कि इस सप्ताह आसमान में छुटपुट बादल दिखाई देने के आसार है। स्थानीय स्तर पर हवा के सामान्य से तेज गति से चलने के आसार है।