सुबह से छाए बादलों ने सूनी सड़कों को किया तरबतर






कानपुर में मौसम विभाग के पूर्वानुमान से पहले ही शहर में मौसम ने करवट बदल दी है। मार्च के अंतिम दिनों में बारिश की संभावना से पहले ही शुक्रवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और बूंदाबांदी होती रही। बारह बजे के बाद दोपहर में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बारिश हो गई और लॉकडाउन के बीच सूनी पड़ी सड़कें पानी से सराबोर हाे गईं। लोगों ने घरों के अंदर से बदले मौसम और बारिश का नजारा देखा।

मौसम विभाग ने कुछ दिन पहले ही आने वाले दिनों में बारिश और मौसम ठंड होने की संभावना जताई थी। मौसम विभाग ने 29 और 30 मार्च को पूर्वोत्तर के जनपद वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बस्ती, गोरखपुर में बारिश का अधिक प्रभाव रहने तथा कानपुर, लखनऊ, फतेहपुर, अलीगढ़, झांसी में बूंदाबांदी के आसार जताए थे। मौसम की गड़बड़ी को लेकर कृषि विज्ञान केंद्रों को भी अलर्ट जारी किया गया था। हालांकि आंशिक असर 26 मार्च से दिखाई देने की बात कही थी, इसके चलते शुक्रवार को आसमान में बादली छाई रही।

बीते दिनों से निकल रही चटक धूप के बाद शुक्रवार सुबह अचानक मौसम ने अपना रुख बदल दिया। अासमान में घने बादल छाए रहने से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। सुबह छिटपुट बूंदाबांदी से शुरुआत हुई और दोपहर का समय आते ही बारिश शुरू हो गई। लॉकडाउन के चलते लोग घरों में थे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा था। बारिश होने पर सूनी पड़ी सड़कें तराबोर नजर आईं। नाला सफाई व्यवस्था न होने से कई घरों और गलियों में पानी भरने की समस्या भी रही। कल्याणपुर क्षेत्र में पनकी रोड क्रसिंग से पुलिया तक मेन नाला साफ नहीं होने से पानी घरों में घुसने की समस्या हुई। वहीं लोगों ने घरों के अंदर से ही बारिश का नजारा देखा

सीएसए कृषि विवि के मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को शहर में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्लिसयस रहा जो सामान्य से 9 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्लिसयस रहा जो सामान्य 1.8 डिग्री अधिक था। आर्द्रता अधिकतम 74 प्रतिशत और न्यूनतम 91 प्रतिशत रिकार्ड की गई। हवा की गति 6.4 किमी/ घंटा रही। शहर में उत्तर पूर्वी हवाएं तेजी से चलती रहीं। मौसम विज्ञानी के अनुसार आने वाले दिनों में मध्यम बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं चलेंगी। हल्की बारिश होने की संभावना है।