कानपुर पुलिस की हूटर बजाती गाड़ियां करा रहीं लॉकडाउन का अहसास
कानपुर में लॉकडाउन के चलते सड़कों पर सन्नाटा दिखा। सुबह 6 बजे से 11 बजे तक दूध, सब्जी, ब्रेड, राशन के लिए छूट होने के नाते लोग निकले लेकिन कुछ देर बाद वापस चले गए। सब्जी मंडियों में जरूर भीड़ देखी गई। दूध, ब्रेड का संकट भी बढ़ गया है। जरूरत से ज्यादा खरीदने के कारण पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

मंगलवार सुबह लोगों ने जरूरत की सामग्री खरीदी, दूध, ब्रेड के लिए जनरल स्टोरों पर लोगों की भीड़ देखी गई। सबसे बड़ी सब्जी मंडी रामादेवी में ज्यादा भीड़ रही। लोग बड़े-बड़े थैलों में सब्जी लेकर भरकर ले जा रहे थे। सब्जियों के रेट भी बढ़ गए हैं। आलू की कीमतें 25 से 30 रुपए किलो पहुंच गई हैं। वहीं दूसरी सीजनल सब्जियों के रेट भी बढ़े हैं। टमाटर अपने पुराने रेट 40 रुपए किलो पहुंच गया है।

बेवजह निकलने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को 114 मुकदमे धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में दर्ज के गए थे और 465 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में निजी जमानत पर सभी को थाने से ही छोड़ा गया। मंगलवार सुबह से ही पुलिस की गाड़ियां निकल पड़ी। भीड़ लगाने वालों को खदेड़ा तथा बेवजह घूमने वालों को चेतावनी देकर वापस किया। 11 बजे के बाद निकलने वाले लोगों पर कार्रवाई होगी।

नगर निगम की टीमें सुबह से ही शहर में निकल पड़ी। सफाई और सेनेटाइजेशन शुरू कर दिया। कई इलाकों में कूड़ा तथा कई अपार्टमेंट सेनेटाइज किए गए। अपार्टमेंट सोसाइटियों के लोगों को भी जागरूक किया गया।