कानपुर में मौसम का उलटफेर जारी, अभी एक सप्ताह छाए रहेंगे बादल, बारिश के आसार
कानपुर शहर में मौसम के उल्टफेर का सिलसिला जारी है। सर्दी जाते जाते एक बार फिर से लौट आई है। पिछले 15 दिन में तापमान बढऩे से लोग गर्मी का एहसास करने लगे थे, वहीं दो दिन से पारा गिरने से ठंड लगना शुरू हो गई है। अधिकतम तापमान पांच और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक कमी हुई है। सामान्य से तेज हवाएं चल रही हैं। इस हफ्ते बदली छाई रहेगी और बूंदाबांदी के साथ ही बारिश के भी आसार बन रहे हैं।

 

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के प्रो. नौशाद खान के मुताबिक दक्षिण पश्चिमी दिशा से सामान्य से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की गति सात से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। 12 से 14 मार्च तक बारिश के आसार हैं। आसमान में बदली छाई रहेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा की रफ्तार 5.8 किलोमीटर प्रति घंटे रही। वर्षा की संरचना में परिवर्तन हो रहा है। देश में कहीं ज्यादा और कहीं कम हो रही है। गेंहू, चना, राई समेत कई फसलें प्रभावित हो रही हैं।