अपने कारनामों से गिरेगी मध्य प्रदेश की सरकार : केशव प्रसाद मौर्य

- भाजपा को किसी की सरकार गिराने की नहीं है आवश्यकता
- कांग्रेस के बड़े नेता अपने विधायकों के खोल रखे हैं रेट



कानपुर । मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने कारनामों से गिरेगी, इसमें भाजपा का कोई हाथ नहीं है। कांग्रेस के नेता अपने बचने के लिए भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं। भाजपा को किसी की सरकार गिराने की आवश्यकता नहीं है और न ही भाजपा ऐसे मामलों में कभी पड़ती है। कांग्रेस के विधायक खुद अलग-थलग पड़े हैं और उनके ही नेता विधायकों के रेट खोल रखे हैं। यह बातें बुधवार को कानपुर में मीडिया से मुखातिब होते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही।
कानपुर के प्रभारी मंत्री व उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार को लेकर भाजपा पर बेवजह आरोप लगाये जा रहे हैं। भाजपा पर कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाया कि कुछ विधायकों को हरियाणा के एक होटल में ले गये हैं। ऐसे आरोपों का हम पूरी तरह से खंडन करना चाहते हैं। यह मामला उनके (कांग्रेस) घर का है, आरोप हम पर लगाते हैं। उनका काम केवल आरोप लगाना है। मध्य प्रदेश कांग्रेस में अब इतने गुट हैं कि आपस में ही मारामारी मची हुई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा ऐसा कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस का अंदरुनी कलह बताया और यह भी कहा कि अगर सरकार गिरती है तो उनके कारनामों से गिरेगी। भारतीय जनता पार्टी को किसी की सरकार गिराने की आवश्यकता नहीं है जो गिरना चाहेगा वह गिर जाएगा जो बनना चाहे वह बन जाएगा। कांग्रेस के बड़े नेता खुद अपने विधायकां के अलग-अलग रेट खोल रहे है और भाजपा को बदनाम कर रहे हैं। बताते चलें कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को कानपुर के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में आये हुए थे और विकास भवन में आलाधिकारियों के साथ बैठक की।
मध्य प्रदेश का सियासी समीकरण
मध्य प्रदेश की विधानसभा  228 सदस्यीय है और कांग्रेस ने 114 सीटों पर विजय हासिल किया था, जबकि सत्ता के लिए 115 सीटें होना जरुरी है। ऐसे में कांग्रेस ने बहुजन समाज पार्टी के दो, समाजवादी पार्टी के एक और चार निर्दलीयों के साथ सरकार बनायी। वर्तमान समय में दो विधायकों का निधन हो चुका है और कुल सदस्य संख्या 226 रह गयी है। वहीं भाजपा के पास 107 विधायक हैं और ऐसी स्थित में कभी भी सियासी समीकरण बदल सकता है।
कोरोना को लेकर सेफ है कानपुर
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यूपी में कोरोना वायरस को लेकर फैल रही दहशत पर कहा कि कानपुर के लोग दहशत में ना रहे कोरोना को यंहा प्रवेश नही करने दिया जाएगा। कानपुर कोरेना को लेकर पूरी तरह से सेफ है और स्वास्थ्य विभाग बराबर निगरानी कर रहा है। लोगों को इससे डरने की कोई जरूरत नही है यंहा उसकी तैयारी पूरी है। इस दौरान विधायक सुरेन्द्र मैथानी, अभिजीत सिंह सांगा, जिलाध्यक्ष सुनील बजाज सहित तमाम भाजपा के पदाधिकारी व नेता मौजूद रहें।