प्रियंका रेड्डी के हत्यारों को दी जाये फांसी

- वीरांगना लोक कल्याण संस्थान ने उठायी आवाज 



                          ======= एसडीएम को ज्ञापन देने जाती महिलाएं ======= 
फतेहपुर। हैदराबाद में पशु चिकित्सक प्रियंका रेड्डी के साथ दरिन्दों द्वारा किये गये बलात्कार व नृसंश हत्या पर देश भर में उबाल है। बुधवार को वीरांगना लोक कल्याण संस्थान के बैनर तले महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। तत्पश्चात राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन उाप जिलाधिकारी को सौंपकर दरिन्दों को फांसी की सजा दिये जाने की आवाज उठायी। 
वीरांगना लोक कल्याण संस्थान की अध्यक्ष तरन्नुम परवीन की अगुवई में महिलाएं तख्ती लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची और प्रियंका रेड्डी के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए इस नृसंश हत्या की घोर निन्दा की। श्रीमती परवीन ने कहा कि हैदराबाद में पशु चिकित्सक डा0 प्रियंका रेड्डी को एक मुस्लिम व तीन हिन्दू लड़कों ने अगवा करके बलात्कार किया और बेरहमी से आग लगाकर जान से मार दिया। ऐसे दरिन्दों को सिर्फ और सिर्फ फांसी की सजा ही दी जानी चाहिए। न मुकदमा, न पेशी सिर्फ फांसी। कहा कि डा0 प्रियंका अपने मां-बाप के साथ-साथ हमारी भी बहन बेटी थी। ''बेटी सबकी प्यारी हो, चाहे हमारी हो या तुम्हारी हो। बलात्कारियों को फांसी दो चाहे मुल्ला हो या पुजारी हो।'' महिलाओं का कहना रहा कि यदि दरिन्दों को फांसी न दी गयी तो इससे बड़ा आन्दोलन किया जायेगा। इस मौके पर दिलकशा, नसरीन, सईद, जैनब, कहकशा आदि मौजूद रहीं।