स्नातक एमएलसी की दोनों सीटों पर भाजपा की होगी जीत: स्वतंत्र देव सिंह

- विकास केन्द्रित योजनाओं पर किया जा रहा काम, तय समय पर कानपुर में चालू होगी मेट्रो

कानपुर । भारतीय जनता पार्टी सबका साथ सबका विकास की नीति पर लगातार आगे बढ़ रही है और जनता का बराबर साथ मिल रहा है। जिसके चलते अभी हाल ही हुए विधानसभा चुनाव में विपक्ष को एक बार फिर मुंह की खानी पड़ी। आगामी दिनों में प्रदेश की दो स्नातक एमएलसी सीटों पर चुनाव होने जा रहे हैं और इनमें भी भाजपा की ही जीत होगी। यह बातें शनिवार को कानपुर में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहीं। 

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को कानपुर पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष प्रयाग झांसी और आगरा एमएलसी स्नातक सीट में होने जा रहे चुनाव को लेकर किदवईनगर के अलंकार गेस्ट हाउस में पदाधिकारियों के साथ बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष ने मतदाता सूची को लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष से चर्चा की और पूछा कि पार्टी की ओर से कितने मतदाता बनाये गये हैं। मतदाताओं से बराबर संपर्क हो रहा है कि नहीं अगर नहीं हो रहा है उसके कारण बताये जायें। जिस पर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि इसके लिए अलग से सेल का गठन किया गया है और मतदाताओं को बराबर मैसेज किया जा रहा है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष के सामने संभावित दावेदारों के नाम पर भी चर्चा हुई जिस पर उन्होंने कुछ खास नहीं कहा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार विकास केन्द्रित योजनाओं पर काम कर रही है और इसी का परिणाम है कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ मिल रहा है। कानपुर में मेट्रो को लेकर कहा कि नवम्बर 2021 तक पहले चरण का लक्ष्य रखा गया है और तय समय पर कानपुरवासियों को मेट्रो का तोहफा मिल जाएगा। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मंत्री बालचन्द्र मिश्रा के आवास गये और वहां पर भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। यहां से प्रदेश अध्यक्ष आनंदेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए निकले, बाबा भोलेनाथ के दर्शन के बाद पनकी के हनुमान मंदिर में भी माथा टेका।