सपा विधायक ने अनोखे अंदाज में मुख्यमंत्री का किया विरोध, कांग्रेसी भी हुए नजरबंद

- हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने छोड़ा। 

   


कानपुर । मेट्रो का शिलान्यास करने कानपुर आईआईटी आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपा और कांग्रेस ने विरोध किया। हालांकि सपाई और कांग्रेसी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से पहले ही हिरासत में ले लिये गये। इस दौरान सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी ने मच्छरदानी और डेंगू की दवाइयां लेकर अनोखे अंदाज में मुख्यमंत्री का विरोध किया।  


भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर मेट्रो का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री के शहर आने पर कांग्रेस और सपा विरोध पर उतर आयी। हालांकि खुफिया विभाग से इसकी जानकारी पहले ही पुलिस को मिल गयी। जिसके चलते कांग्रेस के नगर अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री सहित तमाम समाजवादी पार्टी के नेताओं को नजरबंद कर लिया गया। इसके बावजूद पुलिस को चकमा देकर समर्थकों के साथ सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी आईआईटी के गेट तक पहुंच गये और मुख्यमंत्री का विरोध करने लगे। विधायक का कहना था कि कानपुर प्रदूषण के मामले में नंबर वन है और यहां पर डेंगू अपने चरम पर है। जिससे रोजाना दर्जनों लोगों की मौत हो रही हैं और स्वास्थ्य महकमा नींद से जाग नहीं रहा है। ऐसे में हम मुख्यमंत्री को डेंगू से बचने के लिए मच्छरदानी, ओडोमॉस, मास्क आदि देना चाहते हैं। जिससे उनको कानपुर में डेंगू न हो सके और कानपुर का नाम न बदनाम हो। पुलिस ने विधायक अमिताभ वाजपेई सहित सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर भारी सुरक्षा बल के साथ कानपुर पुलिस लाइन ले गयी। इसके बाद जब मुख्यमंत्री का कार्यक्रम खत्म हो गया तो विधायक सहित सपाइयों को छोड़ दिया गया। इस दौरान चंद्रेश सिंह, नीरज सिंह, संजय सिंह, आकाश यादव, कुतुबुद्दीन मंसूरी, अंबर त्रिवेदी, हाजी जिया, पार्षद अभिषेक मोनू गुप्ता, अमित मेहरोत्रा बबलू, उमर शरीफ आदि लोग मौजूद रहें। 


मजिस्ट्रेट को सौंपा गया ज्ञापन
सपा विधायक ने शहर की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा गया कि प्रदूषण में कानपुर नंबर वन है। डेंगू की महामारी से सैकड़ों लोगों की जानें जा रही है। गंदगी, कूड़ा और मच्छरों से पूरा शहर परेशान है। कभी यूपी का मैनचेस्टर कहे जाने वाले कानपुर की पहचान प्रदूषण में नंबर वन हो गई है। नकारा सरकारी मशीनरी ने अपने कुशल निर्देशन में कानपुर नगर को नर्क बना दिया है। हर तरफ कूड़ा गंदगी बजबजा रहा है। प्रदूषित हवा, टूटी फूटी सड़कें, भरी नालियां, यह सब आपकी भाजपा सरकार की देन है। डेंगू महामारी से लोगों की जान जाने पर भी आपका स्वास्थ्य महकमा सो रहा है। इस दौरान सपा कार्यकर्ता विरोध के सुर में नारे लगा रहे थे कि मच्छरदानी ओढ़.. ओढ़..ओढ़... नहीं तो डेगूं मच्छर काट खायेगा। सपा विधायक ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं को अधिकारी पलीता लगा रहे हैं और सरकार भी सुनने को तैयार नहीं है। जिससे अधिकारी अपने मनमाफिक काम कर रहे हैं और इससे जनता का नुकसान हो रहा है।