प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के खिलाफ मुखर हुई कांग्रेस, इस्तीफे की मांग कर की नारेबाजी  

- भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में जनता में बांटें गये पत्रक  

कानपुर । केन्द्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ अभियान चलाने का संकल्प ले चुकी कांग्रेस प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के खिलाफ मुखर हो चुकी है। जिसके चलते बुधवार को विरोध दर्ज करा कांग्रेसियों ने ऊर्जा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर डाली। इसके साथ ही भाजपा सरकार को जनविरोधी बताते हुए जनता के बीच पत्रक बांटे गये। 
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री की अगुवाई में कॉंग्रेस जनों ने बुधवार को चेतना चौराहा पर शिविर लगाया। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं बेरोजगारी, बदहाल अर्थव्यवस्था, कृषि संकट व औद्योगिक ताला बंदी आदि के विरोध में जनता में पत्रक वितरण भी किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद कॉंग्रेसियों ने बिजली कर्मचारियों के 2600 करोड़ पीएफ घोटाले को भी मुद्दा बना कर सरकार और प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के खिलाफ नारे लगाये और उनके इस्तीफे की मांग की। इस अवसर पर प्रदेश कॉंग्रेस महासचिव एवं कानपुर प्रभारी योगेश दीक्षित ने कहा कि सरकार के पापों का घड़ा भर चुका है। जरूरत है पीड़ित और परेशान जनता को आगे आने की। अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार की गलत कारगुजारियों की बजह से जनता में त्राहि त्राहि मची है। भाजपा को वोट देने के बाद समाज का हर तबका परेशान है। भाजपा के मंत्री आकंठ भ्रष्टाचार मे डूबे हुए हैं। उन्होंने आम जनता का आह्वान किया कि वह आगे आये और इस भ्रष्ट व जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिये हमारा सहयोग करे। कार्यक्रम का संयोजन संजय शाह ने और संचालन बृजेश त्रिपाठी ने किया। शिविर में शंकर दत्त मिश्र, कृपेश त्रिपाठी, राजकुमार शुक्ला, महेन्द्र त्रिपाठी, केके तिवारी,अभिनव तिवारी आदि लोग मौजूद रहें।