जमीनी विवाद में बुजुर्ग दम्पति को पीटा


सदर अस्पताल में भर्ती पीड़ित।  


फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के जगतपुर गाड़ा गांव में जमीनी विवाद में दबंगों ने बुजुर्ग दम्पति को लाठी-डण्डों से जमकर पीट दिया। जिससे दम्पति गम्भीर रूप से घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुजुर्ग दम्पति ने न्याय पाने के लिए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर गुहार लगायी है। 
जगतपुर गाड़ा गांव निवासी छेद्दी देवी पत्नी राम कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिये गये शिकायती पत्र में बताया कि वह दलित बिरादरी के व्यक्ति हैं। शुक्रवार की सुबह लगभग सात बजे जमीन के विवाद के कारण गांव के ही रामबरन यादव पुत्र रामसनेही यादव, बब्लू यादव पुत्र रामबरन यादव, अरविन्द यादव पुत्र शिवबरन यादव, सेल्हू यादव पुत्र शिवबरन यादव, शिवकरन यादव पुत्र राम सनेही यादव एकराय होकर घर आ गये और उसे व उसके पति को जबरन घसीटकर बाहर ले आये और लाठी-डण्डों से जमकर पीट दिया। जिससे दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गये। मारपीट के बाद गाली-गलौज व धमकी देते हुए दबंग चले गये। वह और उसका पति थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती बतायी। लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। जिस पर वह दोनों जिला अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने उपचार के लिए भर्ती कर दिया। पीड़िता ने पोर्टल के जरिये पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर दबंगो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाये जाने की गुहार लगायी है।