छात्र-छात्राओं को दिलाई स्वच्छ भाषा की शपथ


- स्वच्छ भाषा अभियान के तहत प्रतियोगिता का हुआ आयोजन। 


गुरसहायगंज (कन्नौज)। भाषा अभिव्यक्ति का माध्यम है और वह साधन है जो अन्य जीवों से मनुष्य को अलग कर उसे मनुष्यता प्रदान करती है। हमें अधिक से अधिक सकारात्मक शब्दों का प्रयोग अपनी भाषा में करना चाहिए क्योंकि अच्छा बनने के लिए अच्छा बोलना जरूरी है। व्यक्ति समाज और राष्ट्र के निर्माण में सकारात्मक शब्दों की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्कूल हो या घर सभी को हमेशा सकारात्मक भाषा का प्रयोग करना चाहिए। अच्छे शब्द भी अच्छे विचारों को जन्म देते हैं। अपने शब्दों को बोलने से पहले सोचना जरूरी है। 
यह बात बुधवार को स्वच्छ भाषा अभियान के तहत न्याय पंचायत समधन देहात के प्राथमिक विद्यालय लालपुर में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान शिक्षक उमेश कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कही। शिक्षक उमेश कुमार ने कहा कि बच्चे व सभी लोग सकारात्मक भाषा, शुद्ध भाषा, मधुर भाषा बोले इसके लिए सुभाषी फाउंडेशन व नवोदय क्रांति द्वारा पूरे देश में स्वच्छ भाषा अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद सभी बच्चों को स्वच्छ भाषा अभियान की शपथ दिलवाई गई। शपथ में बच्चों ने कहा कि हम अपने माता पिता, भाई बहन, परिवार के सभी सदस्यों, सभी बच्चों शिक्षकों, मित्रों तथा अन्य सभी नागरिक के साथ सकारात्मक शब्दों में ही बात करेंगे और हमेशा करते रहेंगे। इस दौरान नैंसी, छोटी, नेहा, खुशी, करिश्मा, भुमि, अर्चना, सपना, अंजली, ज्योति, मुस्कान, सरिता, मोहनी सहित सभी बच्चे मौजूद रहे।