भाजपा कार्यालय को लेकर सपाइयों ने मुख्यमंत्री का किया विरोध, पुलिस ने भांजी लाठियां

कानपुर । भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने गुरुवार को कानपुर में नये क्षेत्रीय पार्टी कार्यालय का शिलान्यास किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहें। भाजपा के जिस कार्यालय का भूमि पूजन होना था उसको सपाई अस्पताल की जमीन बताकर विरोध करने पहुंच गये। जिस पर पुलिस ने लाठियां भांजकर खदेड़ दिया, वहीं कानून व्यवस्था को लेकर कई सपा नेता विरोध की तैयारी में थे जिन्हे प्रशासन ने घरों में नजरबंद कर दिया। जिसको लेकर सपाइयों में रोष व्याप्त रहा और सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते रहें।
भारतीय जनता पार्टी का कानपुर में नया क्षेत्रीय कार्यालय नौबस्ता पर बनने जा रहा है। जिसका भूमि पूजन गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। इस कार्यालय में कानपुर नगर, दक्षिण और कानपुर देहात के भी कार्यालय बनेंगे। इस विशाल कार्यालय का जब पार्टी अध्यक्ष और प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ भूमि पूजन कर रहे थे तभी सपाई नेता वहां पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। हालांकि कार्यक्रम स्थल से पांच सौ मीटर पहले ही प्रशासन ने उन्हे रोक लिया। जिस पर सपाईयों का विरोध और तेज हो गया और आरोप लगाने लगे कि जिस जमीन का भूमि पूजन हो रहा है वह जमीन सपा कार्यकाल में अस्पताल के लिए खाली करायी गयी थी। विरोध बढ़ता देख पुलिस लाठियां भांजकर सपाइयों को खदेड़ दिया। सपा नेता मोइन खान ने बताया कि भाजपा सरकार पूरी तरह से तानाशाही कर रही है और विपक्ष की कोई भी बात सुनने को तैयार नहीं है। हम लोग पूरे मामले को जनता के बीच लेकर जाएंगे और हाल ही में होने वाले उपचुनाव में जनता इन्हे सबक सिखाएगी।  
प्रशासन ने सपा नेताओं को घरों में कराया नजरबन्द
शहर में प्रदेश के मुख्यमंत्री  योगी के आगमन से पहले पुलिस प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के तमाम नेताओं को उन्ही के घरां में नजरबंद कर दिया। इस दौरान नेताआें के घरों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बता दें कि गुरुवार को प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के कई दिग्गज नेताओं का कानपुर में आगमन था। जिसको लेकर सपा पार्टी के नेता मुख्यमंत्री को जन समस्याओं से रुबरु करवाने के साथ उन्हें एक ज्ञापन देने की तैयारी में थे। वहीं पुलिस प्रशासन को खुफिया सूत्रों से पता चला कि सपा नेता मुख्यमंत्री का विरोध कर सकते है। जिसको लेकर प्रशासन ने सपा नेताओं को उन्ही के घरों में सुबह से ही नजर बन्द कर दिया। चकेरी थाना क्षेत्र में सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष चन्द्रेश सिंह को उनके दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ नजरबन्द किया गया। तो वहीं नौबस्ता में भी सपा नेताआें को उनके घरों में नजरबन्द किया गया। चन्द्रेश सिंह ने कहा कि हम सिर्फ मुख्यमंत्री जी को जनता की समस्याओं को अवगत कराना चाहते थे पर मुख्यमंत्री सुनने को ही तैयार नहीं हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री जी को कैसे जमीनी हकीकत पता चल पाएगी।
व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष भी हुए नजरबंद
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में किसी आंदोलन या प्रदर्शन के डर से प्रशासन ने उत्तर प्रदेश प्रान्तीय व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता को उनके निवास पर नजरबंद कर दिया। लगातार बिजली मूल्य वृद्धि, पांच किलोवाट पर ज़मानत राशि, डीजल के दाम बढ़ाने, स्मार्ट सिटी का वादा कर गढ्ढा सिटी बनाने समेत कई मुद्दों पे उत्तर प्रदेश प्रान्तीय व्यापार मण्डल विरोध व आंदोलन कर रहा है। अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि यह मौलिक अधिकारों का हनन है। सरकार की इस तरह की तानाशाही जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी और चुनावों में इनका जवाब देगी। कहा, कि हम लोग बराबर जनता के हितों के मुद्दों को सरकार के सामने लाना चाहते हैं पर सरकार कुछ भी आम जनमानस की सुनने को तैयार नहीं है।