लॉकडाउन पर सख्ती : उल्लंघन करने पर नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर

- ड्रोन से शुरू हुई निगरानी, बिना प्रशासन के पास के बाहर निकलने पर होगी जेल

कानपुर । शहर में कोरोना पॉजिटिव के छह नए मामले सामने आने के बाद अब प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। लॉकडाउन के दौरान अब बिना प्रशासन के पास के बाहर निकलने पर तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं। आवश्यक वस्तुओं के आवागमन से संबंधित वाहनों और मीडियाकर्मियों को प्रेस कार्ड दिखाने पर छूट पहले की तरह जारी रहेगी। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि लॉकडाउन का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शनिवार को थाना बेकनगंज में ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था शुरु की गई। साथ ही लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अपर जिलाधिकारी नगर विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि महानगर में पहले से ही धारा 144 लागू है। ऐसे में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी के भी आदेश हैं। इस व्यवस्था को अब और सख्त कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सड़कों के अलावा मोहल्लों और गलियों में भी पेट्रोलिंग शुरू की जा रही है। जहां भी लोग बेवजह सड़कों पर पाए जाएंगेए उन्हें तत्काल जेल भेजा जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि अब बिना पास के किसी को नहीं निकलने दिया जाएगा।
जिला मुख्यालय में है पास बनवाने की व्यवस्था
आवश्यक वस्तुओं को लाने.ले जाने या फिर विशेष परिस्थितियों में जिला प्रशासन वाहनों के लिए पास बना रहा है। इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट हिमांशु गुप्ता को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा ऑनलाइन पास बनाने की व्यवस्था भी की गई है। केडीए के केंद्रीय कंट्रोल रूम में भी पास बनवाने की व्यवस्था की गई है। आवेदनकर्ता को अपने सभी कागजात के साथ जाना होगा। अभी तक करीब 25 हजार पास बनाए जा चुके हैं।