व्यवस्थित यूनिट देख ब्रिगेडियर हुए गदगद, जमकर की प्रशंसा 

- लक्ष्य प्राप्ति के लिए क्रमबद्धता व नियमित अभ्यास अनिवार्य-बृजेश पाण्डेय



       ======== बटालियन का वार्षिक निरीक्षण करते ब्रिगेडियर बृजेश पाण्डेय ========
फतेहपुर। 60 यूपी बटालियन एनसीसी का बुधवार को ग्रुप कमाण्डर ब्रिगेडियर बृजेश पाण्डेय ने वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थित यूनिट देख ब्रिगेडियर गदगद हो उठे। उन्होने जमकर प्रशंसा करते हुए कैडेटों को सम्बोधित करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए क्रमबद्धता व नियमित अभ्यास बेहद जरूरी है। उन्होने कैडेटों की समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण किये जाने के निर्देश दिये। 
मुख्यालय प्रयागराज के ग्रुप कमाण्डर बृजेश पाण्डेय 60 यूपी बटालियन एनसीसी का निरीक्षण करते पहुंचे। सबसे पहले उन्होने बटालियन की व्यवस्था देखी। व्यवस्थित यूनिट देखकर ब्रिगेडियर गदगद हो उठे। उन्होने बताया कि अपनी सेना की 32 वर्ष की सेवा के दौरान इतनी व्यवस्थित यूनिट का निरीक्षण नहीं किया। उन्होने कहा कि इसकी श्रेष्ठता बनाये रखने की आपके पास दोहरी जिम्मेदारी है। इसको बनाये रखना है। उन्होने बताया कि प्रारंभिक शिक्षा सैनिक स्कूल रीवां मध्य प्रदेश में हुयी। विज्ञान स्नातक के साथ उन्होने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में उच्च स्थान हासिल किया। कमाण्डर जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय दिल्ली से स्नातकोत्तर उपाधि भी हासिल की। इसके बाद उत्तरी कमान के अन्तर्गत वांदीपुर में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हासिल की। देहरादून, नागालैण्ड आदि में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन किया। यूएन मिशन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। कैडेटों का पथ-प्रदर्शन व प्रेरणादायक वार्तालाप के समय भविष्य में ऊंचे लक्ष्य निर्धारण हेतु प्रेरित व मार्गदर्शन किया। वार्तालाप में लगभग 250 एनसीसी कैडेट्स को सम्बोधित करते हुए कमाण्डर ने बताया कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए क्रमबद्धता और नियमित अभ्यास अनिवार्य है। साथ ही सफलता के तीन आयाम प्रेरणा, प्रतिभा व पहुंच को आवश्यक बताया। साथ ही कैडेटों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए उनकी समस्याओं को सुनकर निस्तारण किये जाने के लिए कहा। वार्षिक प्रशासनिक के सफल निरीक्षण का श्रेय बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल ओपी शर्मा व बटालियन के स्टाफ व कैडेटों को दिया।