पुलिस मुठभेड़ में चारों आरोपितों के मारे जाने पर खुश हुआ कानपुर 

-वकीलों, व्यापारियों और महिला संगठनों ने दुष्कर्म के मामले में सख्त कानून की उठायी मांग
- भारत माता की जय के साथ लगाये गये वंदेमातरम के नारे

कानपुर । हैदराबाद में महिला डाक्टर दिशा के चारों हत्यारों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मार गिराया। जिसकी खबर पूरे देश में आग की तरह फैली और हर तरफ खुशी की लहर दिखायी दी। इसी क्रम में कानपुरवासियों को भी जैसे ही मामले की जानकारी हुई तो हर जगह चर्चा का विषय बन गया। लोगों को मुंह से अनायास निकल रहा था कि देश में पहली बार पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपियों के साथ न्याय किया है। महिला संगठनों, वकीलों, व्यापारियों और समाजसेवियों ने मिष्ठान वितरण कर खुशी बयां की और मांग की गयी कि दुष्कर्म के मामले में केन्द्र सरकार सख्त कानून बनाये।
हैदराबाद में महिला चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद बीते दिनों हत्या कर दी गयी थी शव को जला दिया गया था। जिसके बाद देश में लगातार विरोध हो रहा था और हर तरफ प्रियंका के हत्यारों को फांसी दिये जाने की मांग की जाने लगी। हालांकि घटना के एक ही दिन बाद चारों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया। शुक्रवार को हैदराबाद पुलिस ने चारों आरोपितों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। जिससे महिला डाक्टर की हत्या को लेकर दिख रहा आक्रोश चारों आरोपितों को मुठभेड़ में मार गिराने के बाद शांत होता दिख रहा है। आज जैसे ही हैदराबाद पुलिस द्वारा चारों आरोपितों को एनकाउंटर में मारने की खबर शहरवासियों को मिली, ऐसा लगा मानों उनके दिल को सुकून मिल गया हो। सभी ने पुलिस द्वारा इस तरह सजा दिए जाने पर अपने-अपने तरीके से खुशी जताई। कानपुर दक्षिण उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में व्यापारियों, महिलाओं व युवाओं ने ढोल बजाकर आतिशबाजी करने के साथ ही लड्डू बांटकर जश्न मनाया। इसके साथ ही कचहरी में वकीलों ने भी मिष्ठान वितरण कर खुशी जतायी। हालांकि इस जश्न में शहरवासियों की एक ही मांग रही कि केन्द्र सरकार ऐसे मामलों में सख्त कानून बनाये और आरोपियों को जल्द से जल्द फांसी मिल सके।
घिनौनी मानसिकता वाले विक्षिप्त लोगों को मिलेगा सबक
कानपुर दक्षिण उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल उत्तम ने बताया कि आज संपूर्ण भारत में हर्ष और उल्लास के साथ ही जश्न का माहौल है। चारों आरोपितों को एनकाउंटर में मारे जाने से ऐसे घिनौनी मानसिकता वाले विक्षिप्त लोगों को सबक मिलेगा और ऐसे हादसों में कमी आएगी। हैदराबाद पुलिस की ये कार्रवाई वाकई तारीफ के काबिल है। किदवई नगर मार्बल मार्केट में व्यापारियों और महिलाओं ने ढोल बजाकर आतिशबाजी की। सभी ने मांग की कि गुरुवार को ऐसी घटना जो उन्नाव में हुई है, उसमें भी उन पांचों दोषियों को उत्तर प्रदेश सरकार बीच चौराहे में फांसी पर लटका दे या फिर उनका भी इसी तरह एनकाउंटर कर दिया जाए। ऐसा करने से जनता का सरकार व प्रशासन पर विश्वास बढ़ेगा। व्यापारी और महिलाएं भारत माता की जय, पुलिस प्रशासन जिंदाबाद और वंदे मातरम के नारे लगा रहे थे। 
जरुरी था आरोपितों का इनकाउंटर
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में प्रदेश महामंत्री ज्ञानेश मिश्र, वरिष्ठ मंत्री कमल त्रिपाठी, हरिशंकर गुप्ता, जय कुमार शर्मा आदि ने वाई ब्लॉक किदवई नगर चौराहे पर हैदराबाद में महिला डॉक्टर की हत्या के चारों आरोपितों का हैदराबाद पुलिस द्वारा एनकाउंटर करने पर ढोलक बजाकर और लड्डू बांटकर जश्न मनाया। भारी संख्या में एकत्र व्यापारी व महिलाएं हाथों में हैदराबाद की डॉक्टर को इंसाफ मिला, हैदराबाद पुलिस जिंदाबाद आदि नारे लिखे पोस्टर लिए हुए थे। ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि पूरे देश में हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ हुई दुष्कर्म व जघन्य हत्या के बाद आक्रोश का माहौल था। इन आरोपितों का एनकाउंटर जरूरी था। अब दिल्ली की निर्भया सहित अन्य मामलों में जल्द फांसी की सज़ा होनी चाहिए। वर्षा मिश्रा व नेहा गुप्ता ने कहा कि देश की महिलाओं को इंसाफ मिला और उन्नाव सहित अन्य दुष्कर्म के मामलों में ऐसा ही होना चाहिए।
वकीलों ने पुलिस का किया गुणगान
पुलिस और वकीलों में वैसे तो छत्तीस का आंकड़ा रहता है और दोनों अक्सर एक दूसरे का विरोध करते ही नजर आएंगे, लेकिन महिला डाक्टर के आरोपियों के मारे जाने के बाद वकील भी पुलिस का गुणगान करते दिखे। बार एसोसियशन के महामंत्री कपिलदीप सचान का कहना है कि तेलंगाना पुलिस ने जो कार्य किया है उसके लिए वो बधाई के पात्र है। इस तरह की घटना को कारित करने वालो के खिलाफ तुरंत कार्यवाही करनी चाहिए। ऐसे आरोपियों को या तो फांसी दी जाय या फिर इसी तरह से एनकाउंटर किया जाना चाहिए। अधिवक्ता अखिलेश सिंह ने कहा कि संवैधानिक तरीके से आरोपियों को कड़ी सजा मिलती पर पुलिस ने उससे पहले ही खेल खत्म कर दिया। यही जनता चाहती थी और इसमें किसी को कानूनी अड़चने नहीं डालना चाहिये। अधिवक्ता कृष्ण कुमार ने कहा कि हैदाराबाद पुलिस की जितनी प्रशंसा की जाये वह कम है। अधिवक्ता राकेश तिवारी ने कहा कि यह देश की मांग थी और पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। मानवाधिकार द्वारा एनकाउंटर पर सवालिया निशान उठाये जाने पर वकीलों ने कहा कि जब उस बच्ची के साथ बलात्कार कर उसको जलाया गया तब तब वो कहां थे। इस तरह की घटनायें लगातार देश में हो रही है जिन पर तुरंत कार्यवाही करनी चाहिए।