जल्द शुरू होगा फ्लाईओवर का काम,15 लाख आबादी को मिलेगी राहत 






कानपुर। सचेंडी की तकरीबन 15 लाख आबादी को राहत देने वाले जिस फ्लाईओवर की फाइल सड़क एवं परिवहन मंत्रालय में धूल फांक रही थी,उसके दिन बहुर गए हैं। अकरबपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले की शिकायत पर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अफसरों पर नाराजगी जताते हुए इस फ्लाईओवर का काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैंं। इस फ्लाईओवर के बनने से जहां सड़क हादसों में कमी आएगी,वहीं आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों की तकरीबन 15 लाख आबादी को राहत मिलेगी।
नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से गुरूवार को मिले सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने उन्हें सचेंडी के फ्लाईओवर से जुड़े प्रोजेक्ट की जानकारी दी। सांसद भोले ने बताया कि इस फ्लाईओवर का पैसा पास भी हो चुका था और फाइल मुख्यालय में पड़ी है। इसके बावजूद फ्लाईओवर का निर्माण कार्य नहीं शुरू हुआ। सांसद की शिकायत पर केंद्रीय मंत्री ने अफसरों पर नाराजगी जताते हुए सचेंडी फ्लाईओवर का काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही इस काम में इतनी देरी क्यों हुई इसकी भी जांच के निर्देश दिए गए हैं।
सांसद के मुताबिकए यह फ्लाईओवर तकरीबन 29 करोड़ की लागत से तैयार किया जाएगा। सचेंडी थाने के सामने से इस फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है,फ्लाईओवर बनने से कई गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। बताया जा रहा है कि फ्लाईओवर निर्माण होने से रूरा से लेकर मंझावन तक यातायात बेहतर हो जाएगा।
सांसद  ने की एनएचएआई के परियोजना निदेशक की शिकायत   

इसके साथ ही सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक की शिकायत भी केंद्रीय मंत्री से की। इसमें पुरवामीर में बनायी जा रही दीवार का जिक्र किया गया। यहां बनाए जा रहे पुल के नीचे से रास्ता दिए जाने की भी मांग की गई। सांसद के मीडिया प्रभारी अशोक सिंह दद्दा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने पुल के नीचे से रास्ता देने के साथ ही परियोजना निदेशक की जांच के निर्देश दिए। बता दें कि पिछले दिनों सांसद और एनएचएआई के परियोजना निदेशक की बातचीत का आडियो वायरल हुआ था।