गोविन्द नगर विधानसभा सीट पर भाजपा ने दूसरी बार लगाई हैट्रिक

- छहो बार कांग्रेस को दूसरे नंबर पर करना पड़ा संतोष
 
कानपुर । उत्तर प्रदेश के हुए उपचुनाव में भाजपा व सहयोगी पार्टी ने कानपुर की गोविन्द नगर विधानसभा सीट सहित आठ सीटों पर जीत दर्ज की है। गोविन्द नगर में भाजपा की यह लगातार तीसरी जीत है और विधानसभा के इतिहास में भाजपा की ओर से दो बार हैट्रिक लग गयी। छहो बार कांग्रेस को दूसरे नंबर पर संतोष करना पड़ा और क्षेत्रीय दल तीसरे और चैथे के लिए संघर्ष करते दिखे। 

गोविन्द नगर विधानसभा सीट भाजपा ने 2012 में उस समय कांग्रेस से छीनी थी जब भाजपा का प्रदेश में जनाधार कुछ खास नहीं था। यह जीत संगठन की मजबूती के चलते मिली थी और फिर इसके बाद भाजपा ने मुडकर भी नहीं देखा। 2017 के आम चुनाव में मोदी लहर के चलते दूसरी बार सत्यदेव पचैरी ने कांग्रेस को बुरी तरह से पटखनी दी। इसके साथ ही योगी सरकार में बतौर कैबिनेट मंत्री भी बने, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हे लोकसभा का चुनाव लड़ा दिया और सांसद भी बने। सांसद बनने के बाद खाली हुई इस सीट पर कांग्रेस ने दिल्ली विश्वविद्यालय की पूर्व महासचिव करिश्मा ठाकुर को मैदान में उतारकर लड़ाई दिलचस्प बना दी। उपचुनाव में कम मतदान होने के बावजूद भाजपा के उम्मीदवार सुरेन्द्र मैथानी ने कांग्रेस उम्मीदवार को 21244 वोटों से पटखनी दे दी। जिससे भाजपा को इस सीट पर आसानी से हैट्रिक मिल गयी। 

पहले भी लग चुकी है हैट्रिक
गोविन्द नगर विधानसभा सीट इससे पहले भाजपा के बालचन्द मिश्र हैट्रिक लगा चुके हैं और लगातार चार बार विधायक रहे। इसके साथ ही तत्कालीन भाजपा सरकार में मंत्री भी रहे। उनको कांग्रेस के युवा उम्मीदवार अजय कपूर ने हराया था और वह इस सीट पर लगातार दो बार विधायक रहे। तीसरी बार उन्होंने किदवई नगर से चुनाव लड़कर हैट्रिक लगायी थी। इसके बाद 2012 में भाजपा ने फिर वापसी की और तीसरी बार उपचुनाव में जीत दर्ज की।